गाजीपुर। भांवरकोल विकास खंड भांवरकोल के ग्राम पंचायत सुरनी के खोरनपुर गांव में प्रशासन ने सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सहायक कलेक्टर प्रथम श्रेणी एवं तहसीलदार न्यायिक मुहम्मदाबाद अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में जेसीबी चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार महेंद्र बहादुर, राजस्व निरीक्षक नरेंद्र श्रीवास्तव, एसआई मोरध्वज दूबे, लेखपाल पुनीत राय और उनकी टीम मौजूद रही। प्रशासन ने शिवपूजन, बब्बन यादव और नागेश्वर सिंह द्वारा ग्रामसभा की खलिहान और सार्वजनिक भूमि पर किए गए कब्जे को हटवाया।
बताया गया कि अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस और कब्जा हटाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन आदेश का पालन नहीं करने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया। कार्रवाई के दौरान अवैध मकान और निर्माण जेसीबी से ध्वस्त कर ग्रामसभा की जमीन को मुक्त कराया गया।
प्रशासन ने शिवपूजन और बब्बन यादव पर 2100-2100 रुपये तथा नागेश्वर सिंह पर 4100 रुपये क्षतिपूर्ति राशि ग्रामसभा फंड में जमा करने का आदेश दिया है।
तहसीलदार ने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि न्यायप्रिय लोगों ने कार्रवाई की सराहना की है।










