पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गौ तस्करी का खुलासा, 14 गोवंशों संग दो तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर। भांवरकोल पुलिस ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास से गौ तस्करी में इस्तेमाल हो रहे एक मिनी ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन से 14 गोवंश बरामद किए हैं, जिन्हें कथित रूप से बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम रात में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिरपाल से ढका एक मिनी ट्रक संदिग्ध हालत में मच्छटी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पुलिया के पास खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को घेर लिया।

जांच के दौरान ट्रक के अंदर क्रूरता पूर्वक बांधे गए 12 गाय और दो बछड़े मिले। इनमें से एक बछड़े की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके से चालक और खलासी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान मध्य प्रदेश के भिंड जनपद निवासी श्याम बिहारी तोमर और शिशुपाल परिहार के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि गोवंशों को मेरठ क्षेत्र से लादकर विभिन्न जिलों के रास्ते बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था, जहां इन्हें ऊंचे दाम पर बेचा जाना था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आवश्यक कागजात न मिलने पर मिनी ट्रक को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने कहा कि पशु तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!