गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करना शिक्षा क्षेत्र मरदह के कंपोजिट विद्यालय गुलालसराय के प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश यादव को भारी पड़ गया। मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है, वहीं मरदह थाने में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, बीएसए उपासना रानी वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक आनंद प्रकाश यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। साथ ही विभागीय जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी भांवरकोल रविन्द्र सिंह को सौंपी गई है।
वहीं दूसरी ओर, अनुसूचित प्रकोष्ठ युवा मोर्चा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष विशाल कुमार साहनी की तहरीर पर मरदह थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मरदह थाना क्षेत्र के सरार उर्फ हैदरगंज निवासी विशाल कुमार साहनी ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लेटर पैड पर शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापक ने सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर मंत्री ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का प्रयोग किया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि एक सरकारी शिक्षक द्वारा सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करना सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन है और इससे शिक्षक समाज की गरिमा भी प्रभावित होती है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया कि ऐसे व्यवहार का विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
मामले को लेकर सुभासपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं ने दोषी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर दर्ज होने और निलंबन की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग तथा जिले की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।










