ज्ञानपुर में ठनका पीड़ित परिवार से मिले डीएम, बच्चों को सौंपी सहायता राशि, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से हुई दंपति की दर्दनाक मौत के बाद जिला प्रशासन ने संवेदनशील पहल करते हुए पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल स्वयं गांव पहुंचे और मृतक सुकर राजभर (57) व उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी (41) के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

गौरतलब है कि 4 मई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे खेत में काम करने के दौरान दोनों पति-पत्नी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए थे, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई थी।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने आपदा राहत कोष से मृतक दंपति के बच्चों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही जिला पूर्ति विभाग की ओर से परिवार को लाल राशन कार्ड भी उपलब्ध कराया गया, ताकि उन्हें खाद्यान्न संबंधी किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शासन की सभी लाभकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को समय-समय पर बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की निगरानी करने तथा आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बच्चों को भरोसा दिलाया कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक उनकी शिक्षा, भोजन और अन्य आवश्यक जरूरतों की जिम्मेदारी शासन उठाएगा। प्रशासन की देखरेख में बच्चों के बैंक खाते खुलवाने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी कराई जाएंगी।

इस दौरान उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, राजस्व विभाग के अधिकारी, बच्चों के मामा तथा अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!