भांवरकोल। गाजीपुर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल और उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने शेरपुर गंगा घाट मुबारकपुर के पास चल रहे गंगा कटान निरोधक निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और उपयोग की जा रही सामग्री की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बताया गया कि गंगा कटान रोकने के लिए लगभग 500 मीटर क्षेत्र में पीचिंग कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग देवकली प्रथम खंड के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रताप चौधरी से निर्माण कार्य का स्टीमेट और उपयोग की जा रही सामग्री का विस्तृत लिखित विवरण मांगा। मौके पर अवर अभियंता, सहायक अभियंता तथा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने गंगा घाट पर स्नान के लिए सीढ़ी निर्माण की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेजकर घाट पर सीढ़ी निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल पर संतोष जताते हुए कटान रोकने के कार्य को जरूरी बताया।










