गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में भाजपा नेता पीयूष कुमार राय ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सपा हमेशा संवेदनशील घटनाओं पर राजनीति करने का प्रयास करती रही है।
भाजपा नेता पीयूष कुमार राय ने कहा कि कटरिया गांव में विश्वकर्मा परिवार ने अपनी बेटी को खोया है, जो बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत बेटी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त माता-पिता को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच होना बेहद आवश्यक है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सपा इस दुखद घटना को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है।
पीयूष कुमार राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मिलने के लिए 15 लोगों का प्रतिनिधिमंडल भेजा, लेकिन उनके साथ बड़ी संख्या में सपा के कार्यकर्ता और समर्थक भी वहां पहुंच गए। उनका आरोप है कि जहां पीड़ित परिवार के दुख में सहभागी बनने की जरूरत थी, वहां कुछ लोगों द्वारा उपद्रव और हंगामा किया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे लोगों ने गांव में माहौल खराब करने का प्रयास किया और ग्रामीणों तथा प्रशासन के साथ टकराव की स्थिति पैदा हो गई। भाजपा नेता ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीति करने से समाज में विभाजन और तनाव पैदा होता है, जो किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
पीयूष कुमार राय ने कहा कि गांव के लोगों की प्रतिक्रिया के बाद अब अखिलेश यादव के स्वयं कटरिया आने की चर्चा हो रही है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि ऐसे दुखद समय में समाज को बांटने या राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश नहीं होनी चाहिए, बल्कि सभी को मिलकर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज को बांटने की राजनीति से केवल विखंडन और आपसी दूरियां बढ़ती हैं, इसलिए सभी राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करना चाहिए।










