उतराव संवाददाता इंद्रसेन कुमार गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के दुबिहां मोड़ के पास रविवार को दो डंपरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक डंपर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को चिलचिलाती धूप में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिर्जापुर से पत्थर लादकर एक डंपर बलिया की ओर जा रहा था। जैसे ही डंपर करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के दुबिहां मोड़ के पास पहुंचा, तभी आगे चल रहे डंपर के सामने अचानक एक जानवर आ गया। जानवर को बचाने के लिए आगे चल रहे डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे से आ रहा डंपर, जिसे सूरज यादव चला रहे थे, संभल नहीं सका और आगे चल रहे डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पीछे वाले डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह दब गया और चालक सूरज यादव डंपर में फंस गए।
हादसे में सूरज यादव को कमर के पास गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को डंपर से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त डंपर सड़क पर ही खड़ा रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। तेज धूप में राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त डंपर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका।










