कटारिया पहुंचेंगे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात; प्रशासन अलर्ट

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के कटारिया गांव में हुए कथित पत्थरकांड और निशा विश्वकर्मा की मौत के बाद जिले की सियासत तेज हो गई है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 अप्रैल को कटारिया गांव का दौरा करेंगे। उनके कार्यक्रम का आधिकारिक प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया गया है।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष दोपहर करीब 1 बजे गांव पहुंचकर पीड़ित सियाराम विश्वकर्मा के परिवार से मुलाकात करेंगे और हालात की जानकारी लेंगे।

इस दौरे को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अखिलेश यादव को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान पूरी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

कटारिया गांव में हाल ही में हुई घटनाओं के बाद यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में जिले की सियासत में इस मुद्दे को लेकर माहौल और गर्म होता दिखाई दे रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!