कटरिया प्रकरण को लेकर सियासत तेज, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे पर रोक लगाने की उठाई मांग

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कटरिया में मृतका निशा विश्वकर्मा प्रकरण को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बीच राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने जिलाधिकारी गाजीपुर को पत्र भेजकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे को रोकने की मांग की है।

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने पत्र में कहा है कि हाल ही में निशा विश्वकर्मा की मृत्यु के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग सहानुभूति जताने के नाम पर ग्राम सभा कटरिया पहुंच रहे हैं, जिससे गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 22 अप्रैल 2026 को समाजवादी पार्टी के एक डेलिगेशन के साथ पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं द्वारा गांव में पत्थरबाजी की घटना भी हुई, जिससे ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बन गया है।

पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 29 अप्रैल 2026 को कटरिया गांव आने की सूचना है। ऐसे में उनके आगमन से क्षेत्र का माहौल और अधिक खराब होने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

डॉ. संगीता बलवंत ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार का स्वयं बयान है कि वे किसी से मिलना नहीं चाहते। ऐसे में दुख की इस घड़ी में राजनीतिक दलों द्वारा इस मामले को राजनीतिक रूप देने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन द्वारा की जा रही विधिक कार्रवाई का भी जिक्र किया।

राज्यसभा सांसद ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए अखिलेश यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम को रोकना उचित होगा। इस पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव गृह और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को भी भेजी गई है।

गौरतलब है कि कटरिया प्रकरण को लेकर जनपद की राजनीति में पहले से ही हलचल बनी हुई है और अब इस पत्र के सामने आने के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!