मुहम्मदाबाद में आग से मचा हड़कंप, फर्नीचर और बाटी-चोखा की दो दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर क्षेत्र के यूसुफपुर पावर हाउस रोड स्थित काली बाग के पास शुक्रवार देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर फर्नीचर और बाटी-चोखा की दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस घटना में करीब 8 लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात अचानक दुकानों से धुआं और आग की तेज लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पानी की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।

बताया जा रहा है कि फर्नीचर की दुकान में रखी लकड़ी, तैयार फर्नीचर और अन्य सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जबकि बाटी-चोखा की दुकान में रखा गैस सिलेंडर, बर्तन, खाद्य सामग्री और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।

घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। बाटी-चोखा के दुकानदार ने आगजनी की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और लोग नुकसान का जायजा लेते नजर आए।

और पढ़ें

error: Content is protected !!