पखनपुरा में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई, 5 दिन से जला पड़ा 400 केवीए ट्रांसफार्मर

गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के मच्छटी इलाके अंतर्गत ग्राम पखनपुरा में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव में लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर बीते 20 अप्रैल को तेज आवाज के साथ जल गया था। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया, जिससे करीब 350 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी के बीच ग्रामीण अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। ऐसे में बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। तेज लू और उमस के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली आपूर्ति ठप होने से गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है, क्योंकि बिजली न होने के कारण पानी की मोटर नहीं चल पा रही है। इससे ग्रामीणों को पानी के लिए भी काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।

क्षेत्र के बीडीसी सदस्य सरफराज उर्फ डबल्यू ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद से ही वे लगातार विद्युत विभाग के जेई से मुलाकात कर समस्या से अवगत करा चुके हैं। हर बार अधिकारियों की ओर से सिर्फ आश्वासन दिया जाता है, लेकिन पांच दिन बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया।

ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड से मांग की है कि गांव की गंभीर समस्या को देखते हुए युद्धस्तर पर कार्रवाई कर 24 घंटे के भीतर 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बीडीसी सरफराज उर्फ डबल्यू के नेतृत्व में ग्रामीण बिजली उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने गांव के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और अब सभी की नजरें विद्युत विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!