संवाददाता:- चंदन पांडेय गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के करइल इलाके में बेरोजगार युवाओं के लिए एक सराहनीय पहल सामने आई है। क्षेत्र के समाजसेवी और रेड रोजेज स्कूल बसनिया के डायरेक्टर मुक्तिनाथ राय गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए अपने विद्यालय परिसर में तीन दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन कराने जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रेड रोजेज स्कूल बसनिया में 27 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में निजी कंपनी MASS India Medical Devices Limited के प्रतिनिधि पहुंचकर युवाओं का साक्षात्कार लेंगे। चयनित युवाओं को कंपनी में हेल्पर और मशीन ऑपरेटर जैसे पदों पर नौकरी दी जाएगी।
समाजसेवी मुक्तिनाथ राय ने बताया कि करइल क्षेत्र शिक्षा और रोजगार के मामले में काफी पिछड़ा रहा है। ऐसे में यहां के गरीब परिवारों से आने वाले दसवीं, बारहवीं पास और फिटर ट्रेड से आईटीआई किए हुए बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया में युवाओं से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और चयन केवल योग्यता के आधार पर होगा।
उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले युवाओं को अपने साथ आधार कार्ड और सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। इनके बिना साक्षात्कार में शामिल नहीं किया जाएगा।
इस आयोजन में सहयोग कर रहे अभिषेक पाण्डेय, अवनीश कुमार राय और सर्वेश कुमार ने भी युवाओं से अपील की है कि नौकरी पाने के लिए किसी प्रकार के पैसे या सिफारिश का सहारा न लें, क्योंकि यहां केवल योग्यता के आधार पर ही चयन किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक युवा 6394334709 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
रोजगार मेले की खबर फैलते ही करइल क्षेत्र के युवाओं और उनके अभिभावकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है और वे आयोजन की तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।










