भांवरकोल में बेमौसम बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता, सरसों-चना की फसल भीगी; नुकसान की आशंका

संवाददाता:- चंदन पांडेय गाजीपुर। भांवरकोल विकास खंड क्षेत्र में 21–22 मार्च को हुई बेमौसम हल्की बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रात में हुई बारिश और शनिवार को दिनभर छाए बादलों के कारण खेतों में तैयार फसलों के खराब होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मसूरी, चना और सरसों की फसल पककर तैयार हो चुकी थी और कई किसानों ने इन्हें काटकर खेतों या खलिहानों में रख दिया था। अचानक हुई हल्की बारिश के कारण कटकर रखी फसलें भीग गईं, जिससे उनकी कटाई और मड़ाई का काम फिलहाल रुक गया है।किसानों का कहना है कि अगर दोबारा बारिश होती है तो कटकर रखी फसलों के दाने खराब हो सकते हैं और दलहनी फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। आसमान में लगातार छाए बादलों को देखकर किसान और ज्यादा चिंतित नजर आ रहे हैं।

फिलहाल राहत की बात यह है कि क्षेत्र में अभी गेहूं की कटाई पूरी तरह शुरू नहीं हुई है। किसानों के अनुसार लगभग एक सप्ताह के भीतर गेहूं की कटाई शुरू होने वाली है। ऐसे में यदि बारिश जारी रही तो गेहूं की फसल को भी नुकसान हो सकता है, जिससे अन्नदाताओं की मेहनत पर पानी फिर सकता है।

ग्रामीण किसानों ने मौसम के इस बदले मिजाज को लेकर चिंता जताई है और जल्द मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!