संवाददाता:- चंदन पांडेय गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। क्षेत्र के मिर्जाबाद, घरजूरी, सोनाड़ी, वीरपुर, रानीपुर, महेशपुर प्रथम, मच्छटी समेत अन्य ईदगाहों में सुबह ईद की नमाज अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शिरकत की।
मुस्लिम समुदाय के लोग रमजान के पूरे 30 दिन रोजा रखने के बाद चांद नजर आने पर ईद का त्योहार मनाते हैं। चांद दिखाई देने के साथ ही समाज में खुशी की लहर दौड़ जाती है और लोग एक-दूसरे को मुबारकबाद देकर अपनी खुशियां साझा करते हैं।
ग्राम पखनपुरा स्थित क्षेत्र की सबसे बड़ी ईदगाह में नमाज का समय सुबह 8:30 बजे रखा गया था, ताकि दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोग समय पर नमाज अदा कर सकें। इस ईदगाह में शेरपुर, कबीरपुर, कुंडेसर, मलसा, अवथही सहित दर्जनों गांवों से आए नमाजियों ने नमाज अदा की।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और अपने पूर्वजों की कब्रों पर जाकर उनकी मगफिरत के लिए दुआएं मांगी। ईद-उल-फितर की नमाज मौलाना जलालुद्दीन ने अदा कराई। उन्होंने नमाज के बाद देश में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे के लिए दुआ की।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। मच्छटी पुलिस चौकी प्रभारी श्याम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे और व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।










