रिपोर्ट:- चंदन पांडेय
भावरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम पखनपुरा में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे बांसवाड़ी में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर किसान एहतेशाम खान की बांसवाड़ी में रखे बांस जलकर नष्ट हो गए, जिससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ।
बताया जाता है कि बांसवाड़ी के नीचे सूखी पत्तियां गिरी हुई थीं, जिनमें अचानक आग लग गई। धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। क्षेत्र में बिजली की सुविधा न होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत हुई, लेकिन ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों से बाल्टियों में पानी लाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के घर सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान जुबेर अहमद ने स्थानीय लेखपाल को दे दी है। ग्राम प्रधान ने बताया कि क्षति का आकलन कराकर किसान को सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।










