गाजीपुर। Maharshi Vishwamitra Autonomous State Medical College Ghazipur से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज तड़पती रही, जबकि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय मोबाइल पर व्यस्त थे।
मृतका की पहचान उषा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उन्हें सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। परिवार का आरोप है कि वे लगातार 2 से 3 घंटे तक डॉक्टर और स्टाफ से मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन समय पर इलाज नहीं मिला। इस दौरान महिला की हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति कमलेश कुमार ने अस्पताल के प्राचार्य को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में स्टाफ नर्स निधि कुमारी और प्रीतम कुमार पर मरीज के साथ अभद्र व्यवहार करने और समय पर इलाज न कराने का आरोप लगाया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि जब परिजन मदद के लिए चिल्ला रहे थे, तब कुछ कर्मचारी मोबाइल पर वीडियो देखने में व्यस्त थे। इस घटना के सामने आने के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते इलाज मिल जाता तो उषा देवी की जान बच सकती थी। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और दोषियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।










