गाजीपुर। होली के अवसर पर थाना भांवरकोल परिसर में रंगों, गुलाल और भाईचारे की खुशबू के बीच भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। पूरे परिसर में रंगों की बौछार और खुशियों की फुहार के बीच उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का आयोजन भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय के नेतृत्व में हुआ, जिसमें क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सुधाकर पांडेय भी शामिल हुए। उन्होंने सभी को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे सभी को मिलजुलकर मनाना चाहिए।
समारोह में करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पटेल, नरही थानाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, कोरंटाडीह चौकी प्रभारी धनंजय सिंह समेत थाना भांवरकोल के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने रंग-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में बृजेश सिंह, पिंटू राय जोगा, प्रधान मसोन राजन राय, प्रधान तरका राजेश बंगाली, प्रधान आजईपुर अभिजीत चौरसिया, आशीष पाठक, चंदन राय, सरजू यादव, मिंटू पांडेय, दिनेश जी प्रबंधक, हीरा जी प्रबंधक, राघव तिवारी, जयशंकर राय समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान शेरपुर के कलाकारों की टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर माहौल को और भी रंगीन बना दिया। गायक कल्पनाथ आमघाट ने पारंपरिक होली गीतों से समां बांध दिया, जिस पर लोग झूमते नजर आए।
रंग, गुलाल, संगीत और हंसी-खुशी के माहौल में मनाया गया यह होली मिलन समारोह पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और विश्वास का प्रतीक बन गया।










