समाजसेवी मीरा राय ने 63 बुजुर्गों को बांटे कपड़े व कराया विशेष भोज

गाजीपुर। होली पर्व से पूर्व छावनी लाइन लंगर स्थित वृद्धाश्रम में सेवा और सम्मान का भावनात्मक दृश्य देखने को मिला। समाजसेवी मीरा राय ने अपने निजी खर्च पर यहां रह रहे 63 निराश्रित बुजुर्गों को नए कपड़े एवं अबीर-गुलाल भेंट किए तथा सभी के लिए विशेष भोज की व्यवस्था कराई।

इस अवसर पर पुरुष बुजुर्गों को पैंट-शर्ट के कपड़े और महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं। विशेष भोज में विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे गए। उपहार और सम्मान पाकर बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने मीरा राय को आशीर्वाद दिया।

मीरा राय किसी संस्था या संगठन से जुड़ी नहीं हैं। वे अपनी व्यक्तिगत आय से ही समाजसेवा के कार्य करती हैं। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम में रह रहे ये बुजुर्ग अपने परिवार से दूर हैं और इनकी सेवा करना उनके लिए आध्यात्मिक संतोष का विषय है।

अपने बचपन की स्मृति साझा करते हुए उन्होंने कहा कि मां के निधन के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि जीवन में निराश्रित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करेंगी। उसी संकल्प को निभाते हुए वे समय-समय पर ऐसे सेवा कार्य करती रहती हैं।

स्थानीय लोगों ने उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!