गाजीपुर। विधानसभा मुहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत राजापुर के निकट मंगई नदी पर स्थित क्षतिग्रस्त छलका पुल के स्थान पर लघु सेतु एवं संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए शासन द्वारा धनराशि स्वीकृत किए जाने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से जर्जर पड़े इस पुल के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
यह महत्वपूर्ण मार्ग राजापुर, मुर्तजीपुर, लौवाडीह, हेमापुर, जलालपुर मुर्की, मलिकपुरा, खेमपुर सहित कई गांवों को जोड़ता है। पुल क्षतिग्रस्त होने से हजारों किसानों के कृषि कार्य एवं फसलों की सिंचाई के लिए आवागमन प्रभावित हो रहा था। अब लघु सेतु एवं लगभग 4.5 किलोमीटर पहुंच मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में राजापुर ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय की सक्रिय पहल और लगातार प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं शासन स्तर पर निरंतर पैरवी और प्रभावी हस्तक्षेप के लिए विशाल सिंह चंचल की भूमिका निर्णायक बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव को आगे बढ़ाने और स्वीकृति दिलाने में निरंतर प्रयास किए गए, जिसके बाद माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुमोदन पर धनराशि स्वीकृत हुई। इससे क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।
बताया जाता है कि पूर्व में ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने इस संबंध में विशाल सिंह चंचल के पत्र को लेकर प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान से भी मुलाकात कर प्रस्ताव रखा था, जिस पर सकारात्मक आश्वासन प्राप्त हुआ था। इसके बाद निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अब यह स्वीकृति मिली है।
क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, प्रधान अश्वनी कुमार राय के जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हैं और उनके प्रस्तावों पर विशेष ध्यान देते हैं।
राजापुर ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने समस्त ग्रामसभा एवं क्षेत्रवासियों की ओर से विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।










