गाजीपुर। जहां अक्सर पुलिस की छवि सख्ती और कानून तक सीमित मानी जाती है, वहीं भांवरकोल थाना प्रभारी संतोष कुमार राय ने यह साबित कर दिया कि खाकी वर्दी के भीतर एक संवेदनशील और दयालु हृदय भी धड़कता है।
बताते चलें कि, भांवरकोल–वीरपुर मार्ग पर स्थित नलकूप के साइफन में शुक्रवार कि सुबह गिरकर मृत अवस्था में मिले पखनपुरा निवासी मन्नू वनवासी (40 वर्ष) जो शराब पीने का आदि था। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शराब के नशे में यह घटना हो गई। ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर शव शिनाख्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
पोस्टमार्टम के बाद जब अंतिम संस्कार की बारी आई तो परिजनों को सूचना देने के बावजूद कोई आगे नहीं आया। ऐसे संवेदनशील समय में थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाई, बल्कि इंसानियत का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया। वे स्वयं मृतक की वृद्ध माता लालसा देवी को साथ लेकर गाजीपुर स्थित श्मशान घाट पहुंचे और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार सम्पन्न कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संतोष कुमार राय केवल एक थानाध्यक्ष नहीं, बल्कि गरीब और असहाय लोगों के संरक्षक के रूप में कार्य कर रहे हैं। अपराध पर सख्ती और आमजन के प्रति संवेदनशीलता दोनों का अद्भुत संतुलन उनके व्यक्तित्व में देखने को मिलता है। क्षेत्र में उनकी इस मानवीय पहल की व्यापक सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे अधिकारी समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर मानवता का धर्म निभाते हैं।










