ददरी घाट पर गंगा सफाई को उतरी ‘समग्र विकास इंडिया’, प्रदूषण के खिलाफ छेड़ा जनजागरण अभियान

गाजीपुर। सामाजिक संस्था समग्र विकास इंडिया ने शुक्रवार को शहर के ऐतिहासिक ददरी घाट पर गंगा की बिगड़ती स्थिति को लेकर व्यापक सफाई और जनजागरण अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रजभूषण दुबे ने किया, जो विकास खंड मनिहारी के ग्राम युसुफपुर के निवासी हैं।

अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने घाट पर फैले कूड़ा-कचरे को साफ किया और आसपास के लोगों से गंगा में कचरा न डालने की अपील की। संस्था की ओर से विशेष रूप से पॉलीथीन के प्रयोग को बंद करने और घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया।

ब्रजभूषण दुबे ने कहा कि उनकी संस्था पिछले लगभग तीन दशकों से गंगा निर्मलीकरण को लेकर जनजागरण और सफाई अभियान चलाती आ रही है, लेकिन इसके बावजूद गंगा में लगातार नालों का गिरना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि गाजीपुर शहर, सैदपुर, जमानिया और मोहम्मदाबाद क्षेत्रों में गंगा प्रदूषण गंभीर समस्या बन चुका है और नालों के शोधन के दावे अधिकतर कागजों तक सीमित हैं।

उन्होंने चिंता जताई कि वर्तमान में गंगा का जल स्नान योग्य भी नहीं रह गया है। संस्था ने गंगा में गिरने वाले नालों को बंद कराने और प्रदूषण रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने की घोषणा भी की।

अभियान में कुंभनाथ जायसवाल, अरविंद राय, दिवांशु पांडेय, हनुमान बिंद, सोन्हूं सिंह यादव, अभिषेक यादव, विनय वंशराज यादव, मोहम्मद साद शेख, विराट चक्रवर्ती, कैलाश बिंद, अजय यादव सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!