समाजसेवी सिद्धार्थ राय के प्रयास से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 फरवरी को गाजीपुर दौरे पर, दिव्यांग बच्चों से करेंगी मुलाकात

गाजीपुर। समाजसेवी सिद्धार्थ राय के प्रयासों से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 27 फरवरी को गाजीपुर के दौरे पर आ रही हैं। अपने प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राज्यपाल ‘तेरा गांव’ के दिव्यांग बच्चों से मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगी और उनकी समस्याएं सुनेंगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह 10 बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगी। इसके बाद 10:10 बजे से दोपहर 12:10 बजे तक पुलिस लाइन ऑडिटोरियम में दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताएंगी। कार्यक्रम के उपरांत वह करीब 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।

दौरे को लेकर जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा तथा मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने पुलिस लाइन पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

BHU की चिकित्सक टीम कर रही जांच

राज्यपाल के निर्देश पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के वरिष्ठ चिकित्सकों का एक दल भी गाजीपुर पहुंच चुका है। टीम में डॉ. विजय नाथ मिश्रा, डॉ. हरिशंकर, डॉ. वरुण, डॉ. विनीत पाठक, डॉ. सुनील राव और डॉ. अच्युत पांडेय सहित कई विशेषज्ञ शामिल हैं।

यह टीम देवकली ब्लॉक के तारडीह गांव में कैंप लगाकर दिव्यांग बच्चों की जांच कर रही है। साथ ही सदर ब्लॉक के बहादीपुर और भौरहा तथा मनिहारी ब्लॉक के हरिहरपुर, हाला और शिकारपुर गांवों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी चिकित्सकों के साथ मौजूद है।

समाजसेवी के आग्रह पर हुई पहल

जानकारी के अनुसार समाजसेवी सिद्धार्थ राय ने राज्यपाल से मुलाकात कर दिव्यांग बच्चों की जांच BHU के विशेषज्ञ डॉक्टरों से कराने का आग्रह किया था। इस पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखकर चिकित्सकीय टीम भेजने का निर्देश दिया।

27 फरवरी के प्रस्तावित दौरे के दौरान सिद्धार्थ राय राज्यपाल को दिव्यांग बच्चों के साथ-साथ अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों से भी मिलवाएंगे, ताकि जरूरतमंदों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!