मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद द्वारा नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अधिशासी अधिकारी रविन्द्र मोहन ने किया। इस दौरान नगर की प्रमुख सड़कों एवं बाजार क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। दुकानदारों एवं ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका की टीम ने मार्गों को बाधामुक्त कर यातायात सुचारु करने पर विशेष जोर दिया।
अतिक्रमण हटाने के साथ ही प्रतिबंधित पॉलिथीन के विरुद्ध भी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान करीब 5 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई। संबंधित लोगों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
नगर पालिका प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, प्रतिबंधित पॉलिथीन का उपयोग न करें और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण से बचें, ताकि नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।










