भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र पंचायत की शेरपुर पंचायत में गुरुवार को फार्मर रजिस्ट्री के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में एसडीएम मुहम्मदाबाद डॉ. हर्षिता तिवारी स्वयं उपस्थित रहीं और किसानों को रजिस्ट्रेशन के लिए जागरूक किया।
एसडीएम डॉ. हर्षिता तिवारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने से किसान सीधे तौर पर सरकारी योजनाओं से जुड़ सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री के अभाव में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा सरकारी संस्थानों में उपज बेचने जैसी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। उन्होंने किसानों से समय रहते रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की।
कैंप के दौरान तकनीकी समस्याओं के कारण केवल 5 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री हो सकी। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि तकनीकी खामियों के समाधान के लिए राजस्व कर्मियों को लगाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने आगामी कैंप की तिथियों की जानकारी देते हुए बताया कि 20 एवं 21 फरवरी को शेरपुर कला (पुराना पोस्ट ऑफिस), 23 फरवरी को शेरपुर खुर्द (भोला यादव का कटरा), 24 फरवरी को प्राथमिक विद्यालय सेमरा (पानी टंकी के पास) तथा 25 फरवरी को धर्मपुरा में कोटेदार कृष्णानंद उपाध्याय के यहां राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में कैंप आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर कानूनगो कंगाल राम, लेखपाल रविकांत सिंह, बलवंत सिंह, अखिलेश कुमार, सहदेव सिंह सहित सभी कोटेदार एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।










