भांवरकोल क्षेत्र में महाशिवरात्रि पर गूंजा ‘हर-हर महादेव’, शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़

रिपोर्ट:- संवाददाता चंदन पांडेय

गाजीपुर। भांवरकोल। स्थानीय विकास क्षेत्र में शिव–पार्वती विवाह के पावन पर्व महाशिवरात्रि को श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह तड़के से ही शिवभक्त अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में कतारबद्ध नजर आए। देर दोपहर तक जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित करने का सिलसिला चलता रहा।

पर्व को लेकर क्षेत्र के विभिन्न गांवों के छोटे-बड़े शिवालयों को एक दिन पूर्व ही दुल्हन की तरह सजा दिया गया था। इलेक्ट्रॉनिक लाइटों और कृत्रिम फूलों की मालाओं से सजे मंदिरों की भव्यता देखते ही बन रही थी। घंटों और घड़ियालों की ‘दम-दम’ और ‘टन-टन’ की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।

क्षेत्र के अति प्राचीन बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर तथा बाबा नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बीच-बीच में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।

भदौरा और महेशपुर द्वितीय में परंपरागत एक दिवसीय मेले का आयोजन भी हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। मेले में चरखी, झूले, श्रृंगार सामग्री और विविध मिठाइयों की दुकानों पर खूब रौनक रही, खासकर झूलों और जलेबी की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई।

इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद इंटर कॉलेज परिसर स्थित शिवालय में एक दिवसीय हरिकीर्तन के समापन पर प्रधानाचार्य शिवजी यादव एवं सहयोगियों ने भगवान शिव का दुग्धाभिषेक किया।

इसके अलावा शेरपुर, वीरपुर, अवथहीं, श्रीपुर मुड़ेरा, मिर्जाबाद, पलिया, कनुवान, लोहारपुर, सुखडेहरा मुर्की, मलसा, मालिकपुरा, चांदपुर, लौवाडीह और सोनाडी सहित क्षेत्र के अन्य गांवों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर विश्व शांति और परिवार की खुशहाली के लिए आशुतोष भगवान से वरदान मांगा।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा भांवरकोल क्षेत्र भक्ति, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!