गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने पूर्व प्रधान मुमताज हुसैन को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के फखनपुरा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने गांव के पूर्व ग्राम प्रधान मुमताज हुसैन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वर्गीय मुमताज हुसैन को सादा जीवन और उच्च विचारों का धनी बताते हुए कहा कि वे सभी वर्गों के दिलों पर राज करने वाले, चलते-फिरते फकीर जैसे व्यक्तित्व के धनी थे।

सांसद ने कहा कि मुमताज हुसैन ने हमेशा धर्म और जाति की संकीर्ण मानसिकता से ऊपर उठकर समाज सेवा की और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहे। उनका जीवन सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल था।

श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्रीय विधायक सुहैब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और अलग-अलग धर्म व जाति के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने स्वर्गीय मुमताज हुसैन के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गिरिजा शंकर दुबे ने की, जबकि संचालन बद्रीनारायण पांडे द्वारा किया गया। अंत में स्वर्गीय मुमताज हुसैन के छोटे भाई इम्तियाज हुसैन ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सभा में त्रिपुरारी सिंह, त्रिभुवन लाल, विजयनारायण प्रजापति, अफजल बेग, रविंद्र नाथ राय, बृजेन्द्र राय, जुबेर अहमद सिद्दीकी, हरिकृष्ण उपाध्याय, नदीम अहमद सिद्दीकी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

श्रद्धांजलि सभा का माहौल भावुक रहा, जहां उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

और पढ़ें

error: Content is protected !!