करीमुद्दीनपुर में कामायनी एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत, क्षेत्र में खुशी की लहर

संवाददाता, उतरांव इंद्रसेन।

गाजीपुर। राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर के प्रयासों से करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पर 11071/72 कामायनी एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत कर दिया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा इस संबंध में मंजूरी दिए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों ने राज्यसभा सदस्य और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।

क्षेत्रवासियों द्वारा वाराणसी–प्रयागराज होते हुए मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर ने दिसंबर 2025 में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ठहराव सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया था। अब इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए करीमुद्दीनपुर स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव स्वीकृत कर दिया गया है।

कामायनी एक्सप्रेस के रुकने से क्षेत्र के यात्रियों को वाराणसी, प्रयागराज, भोपाल होते हुए मुंबई तक सीधी लंबी दूरी की सुविधा मिल सकेगी। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा और चिकित्सा कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।

करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पर कामायनी एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत होने पर स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!