गाजीपुर। आम जनता को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस कप्तान गाजीपुर ने पांच नई पीआरवी 112 (Police Response Vehicle) गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर पुलिस कप्तान ने कहा कि डायल 112 सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जनपद में लगातार संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस कम समय में मौके पर पहुंच सके। नई गाड़ियों के जुड़ने से कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रतिक्रिया समय (Response Time) कम होगा।
उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पीआरवी 112 की गाड़ियां पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।
नई पीआरवी गाड़ियों के संचालन से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।










