गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुहैब मन्नू अंसारी ने विधानसभा के बजट सत्र में महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर आवागमन सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें सदन के समक्ष रखीं।
विधायक अंसारी ने कहा कि पूर्वांचल, विशेषकर गाजीपुर जनपद और मुहम्मदाबाद क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों में जाना पड़ता है। ऐसे में गाजीपुर में एक विश्वविद्यालय की स्थापना समय की प्रमुख आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अब जिले को उसका शैक्षणिक अधिकार मिलना चाहिए।
बेहतर यातायात सुविधा के लिए उन्होंने National Highway 31 को कठवामोड़ से कोटवा नारायणपुर तक चौड़ीकरण कराने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में एक आधुनिक ट्रॉमा सेंटर और सरकारी अस्पताल की स्थापना पर भी जोर दिया।
विधायक ने मुहम्मदाबाद नगर से नोनहरा तक लंबित सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्य नहीं कर पा रहा है तो इसे विधायक निधि से कराया जाए।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के कार्यों से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, मुहम्मदाबाद तहसील व कासिमाबाद क्षेत्र में बिजली समस्या समाधान हेतु नए पावर हाउस की स्थापना, स्टेडियम व मंडी निर्माण तथा क्षेत्र की छात्राओं के लिए महिला डिग्री कॉलेज खोलने की मांग भी उन्होंने सदन में रखी।
उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित कर स्थानीय विकास को गति देने की बात कही और जोर दिया कि पूर्वांचल का विकास ही उत्तर प्रदेश की समग्र प्रगति का मार्ग है। विधायक ने उम्मीद जताई कि सरकार जनहित की इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।










