दिलदारनगर में सीटीईटी परीक्षा के दौरान फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार

गाजीपुर। दिलदारनगर स्थित न्यू शाह फैज पब्लिक स्कूल में आयोजित सीटीईटी परीक्षा के दौरान एक फर्जी अभ्यर्थी को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था, जिससे गंभीर जालसाजी का मामला सामने आया है।
घटना विद्यालय के कक्ष संख्या 12 में हुई, जहां रोल नंबर 214105562 पर पंजीकृत अभ्यर्थी रंजीत यादव के स्थान पर अंकित कुमार सिंह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। संदेह होने पर विद्यालय प्रबंधक दिलशाद खान ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में अभियुक्त अंकित कुमार सिंह ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी आधार कार्ड और जाली प्रवेश पत्र का उपयोग कर परीक्षा में बैठने का प्रयास किया था। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से फर्जी आधार कार्ड, प्रश्न पत्र और एडमिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
इस मामले में दिलदारनगर थाने में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त अंकित कुमार सिंह (26) पटना (बिहार) के बेलदारी चक, थाना धनरूआ का निवासी बताया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!