ददरी घाट पर गंगा में जहरीला सफेद झाग, सफाई व्यवस्था फेल

गाजीपुर। गाजीपुर शहर के ऐतिहासिक ददरी घाट पर गंगा नदी में सफेद झाग दिखाई देने से श्रद्धालुओं में चिंता और नाराजगी बढ़ गई है। गंगा स्नान के लिए पहुंचे लोग झागयुक्त और प्रदूषित पानी देखकर स्नान करने से हिचक रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने संक्रमण और बीमारी फैलने का डर जताया है।

स्थानीय लोगों और स्नानार्थियों के अनुसार, पिछले कई दिनों से गंगा में ऊपर से सफेद झाग बहकर आ रहा है, जिससे पानी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि एक ओर गंगा की स्वच्छता पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गाजीपुर के घाटों की स्थिति बेहद खराब है।

ददरी घाट पर जगह-जगह कूड़ा-करकट, प्लास्टिक, थर्माकोल और अन्य गंदगी फैली हुई है। श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा नियमित सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट है। कई लोगों ने यह भी कहा कि वाराणसी, प्रयागराज और मथुरा जैसे शहरों की तुलना में गाजीपुर के घाटों की सफाई व्यवस्था बेहद कमजोर है।

स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गंगा में आ रहे झाग की जांच कराई जाए और ददरी घाट की सफाई के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालु बिना भय के गंगा स्नान कर सकें।

और पढ़ें

error: Content is protected !!