संवाददाता चंदन पांडेय भांवरकोल। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भांवरकोल चट्टी के सामने शुक्रवार की रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार से गोरखपुर की ओर बालू लेकर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी बालू लदी ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में चालक की जान बच गई।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का पंजीकरण नंबर BR 44 GA 7609 बताया गया है। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। मिर्जापुर से पहमपुर तक करीब सात से आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि रात करीब एक बजे हुई दुर्घटना के बाद शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक वाहन जाम में फंसे रहे। इस दौरान वाहन रेंगते नजर आए और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से स्थानीय लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है। क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराने की कार्रवाई की जा रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के सुरक्षित संचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।










