भांवरकोल में एनएच-31 पर भीषण जाम, बालू लदा ट्रक खराब होने से 5 किमी तक रेंगा यातायात

रिपोर्ट:- चंदन पांडेय भांवरकोल (गाजीपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भांवरकोल क्षेत्र में मंगलवार को भीषण जाम से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मिर्जापुर चट्टी के पास बालू लदा 12 चक्का ट्रक खराब होने से रात से ही यातायात प्रभावित रहा। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर करीब 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

बताया गया कि ट्रक बिहार से बालू लेकर गोरखपुर की ओर जा रहा था। मिर्जापुर चट्टी के पास सड़क किनारे गिरे पीपल के पेड़ के समीप वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद ट्रक बीच सड़क पर खड़ा हो गया। ट्रक चालक विशाल यादव के मुताबिक, रात करीब 12 बजे से वाहन खराब है।

जाम के कारण छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे और दोपहर तक यातायात रेंगता रहा। मखदूमपुर से करीब 4-5 किलोमीटर के दायरे में वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी।

सूचना मिलते ही भांवरकोल थाना प्रभारी राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करते हुए वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि खराब ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगाई जा रही है। ट्रक हटने के बाद यातायात पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!