रिपोर्ट:- चंदन पांडेय भांवरकोल (गाजीपुर)। ब्लॉक परिसर में चल रहे सात दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर का बुधवार को समापन हुआ। अंतिम दिन डॉक्टरों की टीम ने शिविर में पहुंचे 76 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया।
शिविर में डॉ. निरंजन कुमार चौधरी, डॉ. चंदन वर्मा, डॉ. पूजा श्रीवास्तव और डॉ. डेजी ने सर्दी, खांसी, बुखार, चर्म रोग समेत विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं आशुतोष उपाध्याय, एलटी महतिम यादव और पवन कुमार ने करीब 60 लोगों की शुगर, डेंगू, टाइफाइड, मलेरिया व बुखार आदि की जांच की।
खंड विकास अधिकारी प्रेमचन्द ने बताया कि अंतिम दिन कुल 452 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें कृषि, आपूर्ति, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी विभाग से संबंधित आवेदन शामिल रहे। उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों में अधिक से अधिक का मौके पर निस्तारण कराने का प्रयास किया गया।
सात दिवसीय अभियान के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। शिविर के समापन पर अधिकारियों ने अभियान से जुड़े कर्मचारियों और स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना की।










