भांवरकोल में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारी, 1 अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान

संवाददाता:- चंदन पांडेय भांवरकोल (गाजीपुर)। संचारी रोगों की रोकथाम और गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को ब्लॉक सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद ने की। इसमें प्रशासक, ग्राम पंचायत सचिव और सफाई कर्मियों को विशेष अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बीडीओ प्रेमचंद ने बताया कि 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। वहीं 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के तहत संक्रमण से बचाव और लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।

अभियान के दौरान मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया और दिमागी बुखार (एईएस) जैसी बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए गांवों में एंटीलार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के साथ ही जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

आशा नोडल अधिकारी शिवकुमारी ने बताया कि अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में नाली-नालों की विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाएगी। सफाई कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में एडीओ पंचायत अजय कुमार मिश्र, सचिव पंकज त्रिपाठी, नीतू सिंह, बृजेश कुमार, शशिकांत, शोभनाथ शुक्ला सहित तमाम प्रशासक और सफाई कर्मी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!