करीमुद्दीनपुर में बाइक चोरी का खुलासा, तमंचे के साथ दो गिरफ्तार

करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल के पास से चोरी हुई बाइक के मामले में करीमुद्दीनपुर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और 550 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है।

बाबूलाल का पुरा निवासी रितेश यादव ने तहरीर देकर बताया था कि 22 सितंबर को वह अपनी अपाचे मोटरसाइकिल से ट्यूबवेल चालू करने गया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक उसने दोनों का पीछा भी किया, लेकिन वे बाइक लेकर भाग निकले।

मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में उपनिरीक्षक कृपाशंकर मिश्रा पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर गांधी नगर गांव के पास ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के अंडरपास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप राजभर (22) निवासी नागपुर, थाना रसड़ा, बलिया और बलवंत राजभर (लगभग 20 वर्ष) निवासी मिर्जापुर, थाना रसड़ा, बलिया के रूप में की है।

पुलिस के मुताबिक दिलीप के पास से 250 रुपये, .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस, जबकि बलवंत के कब्जे से 300 रुपये और मोटरसाइकिल बरामद हुई। दोनों मु0अ0सं0 254/2026, धारा 303(2) बीएनएस में वांछित बताए गए हैं। वहीं दिलीप के खिलाफ मु0अ0सं0 255/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!