गाजीपुर। विकासखंड बाराचवर के मौरा ग्राम सभा में एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर सार्वजनिक नाली पाट दिए जाने से जलनिकासी की समस्या खड़ी हो गई है। नाली बंद होने के कारण पानी सड़क पर आने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि नाली पाट दिए जाने के बाद पानी की निकासी बाधित हो गई है और आए दिन सड़क पर जलभराव की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।
इस मे ग्राम प्रधान मौरा फिरदौस खान से बात की तो उन्होंने बताया कि मामला चाचा-भतीजे के बीच का विवाद है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक नाली निर्माण का मामला सामने आने पर ग्राम पंचायत की ओर से नाली का निर्माण कराया गया था। उनका कहना है कि यह गलत है कि सार्वजनिक नाली को किसी एक व्यक्ति ने पाट दिया है। मामले की शिकायत भी की गई है और दोनों पक्ष आपस में बातचीत कर समस्या का समाधान कर सकते हैं।
वहीं मामले को लेकर खंड विकास अधिकारी स्वरंजित सिंह से बात की गई। उन्होंने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि नाली पाटे जाने की बात सही पाई गई तो तत्काल नाली खुलवाकर जलनिकासी की व्यवस्था बहाल कराई जाएगी।
अब ग्रामीणों को प्रशासनिक जांच और नाली खुलवाए जाने का इंतजार है, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।










