बढ़नपुरा पुल को मिली मंजूरी, भांवरकोल को जाम से मिलेगी बड़ी राहत

भांवरकोल (गाजीपुर)। बढ़नपुरा के संकरे पुल के कारण वर्षों से जाम और दुर्घटनाओं की समस्या झेल रहे भांवरकोल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बढ़नपुरा पुल के नए निर्माण को मंजूरी दे दी है। मानसून समाप्त होने के बाद 1 अक्टूबर 2026 से निर्माण शुरू करने और जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वीकृत परियोजना के तहत पुराने संकरे पुल के स्थान पर 2-लेन प्लस पेव्ड शोल्डर वाला नया पुल बनाया जाएगा। पुल बनने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

बढ़नपुरा पुल लंबे समय से भांवरकोल क्षेत्र के लिए यातायात की बड़ी समस्या बना हुआ था। संकरे पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आए दिन घंटों जाम की स्थिति बनती थी। स्कूली बसें भी जाम में फंस जाती थीं, जिससे छात्र-छात्राओं को समय पर विद्यालय पहुंचने में परेशानी होती थी।

जाम के कारण रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार लोग ट्रेन छूटने के डर से जाम में फंसे रहते थे। वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार संकरे पुल और अव्यवस्थित यातायात के कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रही हैं।

नए पुल की स्वीकृति से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि अब आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। NHAI के अनुसार निर्माण कार्य मानसून के बाद शुरू किया जाएगा और जून 2027 तक पुल तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पुल का निर्माण पूरा होने के बाद भांवरकोल ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के हजारों लोगों को भी जाम, दुर्घटना और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!