राजापुर में गोरिल बाबा मेले की धूम, प्रशासक अश्विनी कुमार राय ने मंदिर भव्यता निर्माण में 51 हजार देने की घोषणा…

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विकासखंड क्षेत्र के राजापुर गांव में संस्कृति, परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अवसर था गोरिल बाबा धाम पर वर्षों से लगने वाले पारंपरिक मेले का। हर वर्ष की भांति इस बार भी मेले में दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। वहीं मिठाई समेत विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रहीं, जिससे मेले में खूब चहल-पहल रही।मेले का मुख्य आकर्षण दंगल रहा, जहां पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित किया। पहले गदा पुरस्कार के लिए बनारस के सुनील पहलवान और बलिया के अंचल पहलवान के बीच मुकाबला हुआ। दोनों ही जिला केसरी पहलवानों के बीच हुई कड़ी कुश्ती बराबरी पर छूटी। दोनों पहलवानों के दांव-पेच और जोर आजमाइश पर अखाड़े के चारों ओर मौजूद दर्शकों में उत्साह बना रहा।दूसरे गदा पुरस्कार की कुश्ती में राजापुर के विशाल पहलवान ने दमदार प्रदर्शन किया और उन्हें दूसरा गदा पुरस्कार प्रदान किया गया। मुकाबले के दौरान अखाड़े में मौजूद दर्शकों ने तालियों से पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।

धाम की भव्यता के लिए 51 हजार देने की घोषणा….

अपने विकास कार्यों के बल पर दो बार मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित राजापुर ग्राम पंचायत के वर्तमान प्रशासक अश्विनी कुमार राय ने गोरिल बाबा धाम की भव्यता और व्यवस्था को संवारने के लिए 51 हजार रुपये मंदिर प्रशासन को देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा को मेले में मौजूद लोगों ने सराहा।आनंद राय मुन्ना ने किया उद्घाटन….

भाजपा नेता एवं भांवरकोल ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि आनंद राय मुन्ना ने फीता काटकर तथा पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का उद्घाटन किया। गोरिल बाबा मेला समिति की ओर से उन्हें साफा बांधकर सम्मानित किया गया। वहीं राजापुर ग्राम पंचायत के प्रशासक अश्विनी कुमार राय ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया। मेले में भाजपा नेता पीयूष कुमार राय भी उपस्थित रहे।सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद…..

मेले की व्यवस्था में प्रशासन का भी अच्छा सहयोग रहा। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज रजा के निर्देश के क्रम में क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय के नेतृत्व में तीन थानों के पुलिस बल की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी।

वहीं किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौजूद रही। नगर पालिका की ओर से पेयजल के लिए पानी के टैंकर की व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक सतर्कता और स्थानीय स्तर पर की गई व्यवस्थाओं के बीच गोरिल बाबा धाम का मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

और पढ़ें

error: Content is protected !!