भावरकोल। थाना क्षेत्र के अवथही गांव में मंगलवार को काशीदास बाबा की वार्षिक पूजा श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बनने पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत जनपद के मरदह क्षेत्र से आए प्रसिद्ध पंथी सुरेंद्र यादव द्वारा समस्त देवी-देवताओं के आवाहन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ की गई। पूजा के दौरान गंगाजल एवं दूध से स्नान के उपरांत पंथी ने घर्षण विधि से अग्नि प्रज्ज्वलित कर धार्मिक अनुष्ठान को आगे बढ़ाया।
अनुष्ठान के दौरान पंथी सुरेंद्र यादव ने अग्नि एवं गर्म दूध से स्नान कर अपनी तपस्या और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु आश्चर्यचकित रह गए। श्रद्धालु देर तक जयकारे लगाते और तालियां बजाते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मौके पर मौजूद अवध यादव के अनुरोध पर पंथी सुरेंद्र यादव ने खेती-किसानी और मौसम को लेकर भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने किसानों के हित में अनुकूल मौसम और अच्छी फसल होने का संकेत दिया, जिसे सुनकर किसानों में उत्साह देखा गया।
गांव के सम्मानित लोगों एवं ग्रामीणों के सहयोग से संपन्न हुए इस धार्मिक आयोजन में सामाजिक एकता और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने काशीदास बाबा से क्षेत्र में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सुभाष यादव, उमाशंकर यादव, कोमल यादव, कमलेश यादव, जयराम यादव, आलोक रंजन एवं बृजनाथ पासवान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










