गाजीपुर। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद का जन्मदिन गाजीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के पास शरबत वितरण कर मनाया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच शरबत बांटकर राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, छात्रों, पिछड़ों, आदिवासियों और महिलाओं की आवाज को लगातार मजबूती से उठा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर रोजगार मेले का आयोजन कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है तथा किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में सामाजिक न्याय, समानता और मोहब्बत के संदेश को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव माधव कृष्ण, जिला उपाध्यक्ष ओजस्व साहू, जखनिया विधानसभा अध्यक्ष विवेक यादव, बंटी यादव, जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर मंगल यादव, सूरज कुमार, कमलेश कुमार, सरोज कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने की। अंत में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।












