खानपुर/गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव के पास बुधवार देर रात खनन विभाग की चेकिंग के दौरान एक ओवरलोड ट्रक ने वाराणसी के खनन अधिकारी की बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा को मामूली चोटें आईं, जबकि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी के खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा अपनी टीम के साथ गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर ओवरलोड वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गिट्टी लदे एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने लगा।
खनन विभाग की टीम द्वारा पीछा किए जाने पर सिधौना गांव के पास ट्रक चालक ने कथित रूप से बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई और डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के दौरान वाहन में सवार अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्षतिग्रस्त बोलेरो को सीधा कराया गया। हादसे में खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा को मामूली चोटें आईं, जबकि सरकारी वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद ट्रक चालक कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा की तहरीर पर खानपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और उसकी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।










