*बिहार में भीषण सड़क हादसा: करंडा के ट्रेलर चालक शैलेश यादव की मौत, गांव में पसरा मातम….*

गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर (बलवंतपुर) गांव निवासी 24 वर्षीय ट्रेलर चालक शैलेश यादव की बिहार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेश यादव ट्रेलर लेकर बिहार के शिवसागर थाना क्षेत्र के कुंडरा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगी एक कंक्रीट मिक्सर मशीन और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए और शैलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि शैलेश यादव अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और ट्रेलर चलाकर पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर की रोजी-रोटी का सहारा छिन गया है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अवधेश यादव ने बताया कि शैलेश बेहद मेहनती, जिम्मेदार और मिलनसार युवक थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जवान बेटे की मौत की सूचना सुनकर पिता रामलाल यादव बदहवास हो गए, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!