*45 घंटे से अंधेरे में डूबे 9 गांव, 30 हजार आबादी बेहाल; बिजली-पानी संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा…*

भांवरकोल (गाजीपुर)। तेज आंधी और बारिश के बाद कुंडेसर विद्युत उपकेंद्र के पखनपुरा फीडर से जुड़े पखनपुरा, जसदेवपुर, नकटीकोल, कठार समेत 9 गांवों में पिछले 45 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगभग 30 हजार की आबादी भीषण गर्मी, उमस और पेयजल संकट से जूझ रही है।

बिजली गुल होने से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश हैंडपंपों से बालू मिश्रित पानी निकल रहा है, जिससे स्वच्छ पेयजल का संकट और गहरा गया है।

सब स्टेशन इंचार्ज यति राम चौहान ने बताया कि पखनपुरा फीडर की मुख्य लाइन में 10 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए हैं तथा दो खंभे पूरी तरह पलट गए हैं। वहीं जेई चंदन सिंह ने बताया कि नए खंभों की मांग जिला मुख्यालय को भेज दी गई है और सामग्री मिलते ही युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कर बिजली बहाल की जाएगी।

इधर ग्रामीण मोहम्मद सुहैल अहमद, मोहम्मद यूसुफ, घुराहू यादव, संतोष वर्मा, इरशाद सिद्दीकी, अनिरुद्ध राम, तासीर अहमद, अब्दुल्लाह सिद्दीकी और गुड्डू कप्तान ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली और पेयजल व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो कुंडेसर पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

और पढ़ें

error: Content is protected !!