*भांवरकोल NH-31 पर मौत बनकर दौड़ा कंटेनर: सलारपुर चट्टी के पास युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम…*

भांवरकोल (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) स्थित सलारपुर चट्टी पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पखनपुरा गांव निवासी इमरान खान का 20 वर्षीय पुत्र फरहान उर्फ कल्लू अपनी बाइक से बिहार के बक्सर जनपद अंतर्गत सारीपुर अहिरौली स्थित अपने ननिहाल जा रहा था। जैसे ही वह सलारपुर चट्टी के समीप NH-31 पर पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में फरहान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके कमर, कूल्हे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भांवरकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक मोरध्वज दुबे ने घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजवाया। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोपहर करीब 3 बजे उसकी मौत हो गई।

फरहान उर्फ कल्लू की मौत की खबर मिलते ही पखनपुरा गांव में मातम छा गया। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की उम्मीदों का सहारा माना जाता था। गांव के लोगों ने उसे मिलनसार और होनहार युवक बताया।

उपनिरीक्षक मोरध्वज दुबे ने बताया कि फरार कंटेनर ट्रक और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!