गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विकासखंड क्षेत्र के राजापुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने एक बार फिर गाजीपुर जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। छठे राज्य वित्त आयोग द्वारा 12 जून 2026 को लखनऊ में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिभाग करने के लिए पूरे गाजीपुर जनपद से केवल अश्वनी कुमार राय का चयन किया गया है। यह उपलब्धि न केवल राजापुर ग्राम पंचायत बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय बन गई है।
वाराणसी मंडल के चुनिंदा पंचायत प्रतिनिधियों को इस विशेष बैठक में आमंत्रित किया गया है, जहां पंचायतों के वित्तीय अधिकार, विकास योजनाओं और ग्रामीण समस्याओं पर चर्चा होगी। ऐसे में गाजीपुर का प्रतिनिधित्व करने के लिए अश्वनी कुमार राय का चयन उनकी कार्यक्षमता, नेतृत्व क्षमता और पंचायत विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि यह अश्वनी कुमार राय की पहली उपलब्धि नहीं है। पंचायत और सामाजिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें जनपद स्तर, प्रदेश स्तर और राष्ट्रीय स्तर तक कई बार सम्मानित किया जा चुका है। विभिन्न सरकारी, सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर सम्मान प्राप्त हो चुका है।
ग्रामीणों के अनुसार अश्वनी कुमार राय ने हमेशा पंचायत विकास, शिक्षा, स्वच्छता, जनकल्याण और सामाजिक समरसता को प्राथमिकता दी है। यही वजह है कि उनकी पहचान केवल एक ग्राम प्रधान तक सीमित नहीं है, बल्कि वे क्षेत्र के लोकप्रिय और सक्रिय जनप्रतिनिधियों में गिने जाते हैं।
राजापुर गांव में इस खबर के बाद खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस प्रकार उन्होंने गांव के विकास को नई दिशा दी है, उसी का परिणाम है कि आज उन्हें प्रदेश स्तर पर अपनी बात रखने का अवसर मिला है। गांव के बुजुर्गों का मानना है कि अश्वनी कुमार राय की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
अब अश्वनी कुमार राय लखनऊ में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में गाजीपुर की पंचायतों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को राज्य वित्त आयोग के समक्ष रखेंगे। इससे जनपद की पंचायतों को भविष्य में और अधिक लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।










