विश्व पर्यावरण दिवस पर भांवरकोल में चला हरियाली अभियान, ‘मां के नाम एक पेड़’ लगाने का लिया संकल्प….

भांवरकोल (गाजीपुर)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड भांवरकोल क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। शेरपुर, पखनपुरा, लोचाइन, सुखडेहरा, मुर्गी अगाध, मलिकपुरा, अवथही सहित कई गांवों में ग्रामीणों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान विशेष ग्राम सभाओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व पर चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत सचिव नीतू सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सभी लोगों को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण करना भी उतना ही जरूरी है।

वहीं खरडीहा के प्रधान प्रतिनिधि अच्छेलाल ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य रोशन राम, ग्राम रोजगार सेवक वीर बहादुर, निरंजन, राजू राम, समूह सखी मंसा देवी, रिंकू शर्मा, आशा देवी, सविता देवी, गीता देवी, सुमन देवी, छगुरी देवी सहित सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ग्रामीणों ने पौधरोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाने का संकल्प दोहराया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!