भांवरकोल (गाजीपुर)। विकासखंड भांवरकोल में प्रशासनिक फेरबदल के तहत नवागत खंड विकास अधिकारी अनिल राय ने शुक्रवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह कासिमाबाद विकासखंड में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं निवर्तमान बीडीओ महेंद्र प्रसाद यादव को सैदपुर एवं करंडा विकासखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद ब्लॉक परिसर में अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम रोजगार सेवकों ने नवागत बीडीओ का गर्मजोशी से स्वागत किया। पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नए खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं का समाधान होगा।
नवागत बीडीओ अनिल राय ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्य संस्कृति को बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कर्मचारियों से पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
स्वागत समारोह में वरिष्ठ सहायक पटल प्रमोद राम, एडीओ (आईएसबी) दयानंद यादव, शुभम सिंह पटेल, रवि यादव, ग्राम पंचायत अधिकारी पंकज त्रिपाठी, नीतू सिंह, पिंटू सरोज, सोमनाथ शुक्ल, पंकज सिसोदिया, ग्राम रोजगार सेवक संघ अध्यक्ष सुधीर राय, विपुल श्रीवास्तव, वीर बहादुर, अरविंद कुशवाहा, जितेंद्र राम, हरिकेश, एडीओ समाज कल्याण संतोष सिंह कुशवाहा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










