भांवरकोल में तीन माह बाद खुला छिनैती कांड का राज, पुजारी से लूटा गया मोबाइल बरामद, आरोपी गिरफ्तार….

भांवरकोल (गाजीपुर)। शेरपुर खुर्द निवासी एक पुजारी से हुई छिनैती और मारपीट की घटना का भांवरकोल पुलिस ने लगभग तीन महीने बाद खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार शेरपुर खुर्द निवासी अनिल कुमार पांडेय 25 फरवरी 2026 को शेरपुर कला स्थित एक वैवाहिक कार्यक्रम में उपरोहित के रूप में शामिल होने गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद वह तड़के साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुण्डेसर-शेरपुर मार्ग पर नेटुआव बीर बाबा स्थान के समीप दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे चार युवकों ने उन्हें रोक लिया।

पीड़ित का आरोप था कि बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की, फिर मारपीट कर उनसे एक वीवो मोबाइल फोन और शादी समारोह में प्राप्त करीब 9,500 रुपये नकद छीन लिए। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने इसे पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए थाने में तहरीर दी थी।

मामले की जांच में जुटी भांवरकोल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के कुण्डेसर एग्जिट प्वाइंट के पास से आयुष राय उर्फ पिंटू राय उर्फ बाबा, निवासी शेरपुर कला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से लूटा गया वीवो मोबाइल और 1110 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कमला प्रसाद, विकास मालवीय, कांस्टेबल अतुल यादव एवं रामप्रकाश पटेल शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!