कनुवान चट्टी के पास दर्दनाक हादसा, बाइक उछलने से युवक की मौत, चालक गंभीर घायल….

भांवरकोल (गाजीपुर)। कनुवान चट्टी के समीप रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बलिया जनपद के नरहीं थाना क्षेत्र अंतर्गत नरायनपुर गांव निवासी शुभम कुमार (20) अपने साथी प्रमोद यादव के साथ बाइक से कनुवान की तरफ जा रहे थे। रास्ते में कनुवान चट्टी के पास सड़क किनारे डाली गई मिट्टी के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अचानक उछल गया। हादसे में पीछे बैठे शुभम सड़क पर जा गिरे, जबकि चालक प्रमोद भी बाइक समेत नीचे गिर पड़ा।

टक्कर और गिरने से शुभम के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि प्रमोद यादव भी बुरी तरह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

गंभीर रूप से घायल शुभम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़ऊर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्रमोद की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बक्सर रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि शुभम अपने परिवार की आर्थिक मदद के लिए गोविंदपुर स्थित एक दुकान पर कपड़े प्रेस करने का काम करते थे और साथ ही किराये पर बैटरी चालित टोटो भी चलाते थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता परमानंद कन्नौजिया दिल्ली में निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में मां मालती देवी और छोटे भाई शिवम उर्फ छोटू का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के ममेरे भाई सुनील कुमार की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!